उत्तरकाशी :  मोरी तहसील के सावणी गांव में भीषण आग लगने से 9 मकान जलकर हुए खाक  25 परिवार हुए प्रभावित


Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




उत्तरकाशी :
मोरी तहसील मुख्यालय से 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सावणी गांव में रविवार की रात को भीषण आग लगने से 9 आवासीय भवन जलकर खाक हो गए हैं। जबकि एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। गांव सड़क मार्ग से दूर होने के कारण व अँधेरा अधिक होने से बचाव टीम को घटना स्थल पर पहुंचने में काफी समय लगा। इस बीच ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मश्कत के बाद आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया था। इससे पहले भी सांवणी गांव में वर्ष 2018 में भीषण अग्निकांड हुआ था जिसमें 39 मकान जले थे। 

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे सावणी गांव के किताब सिंह के मकान में आग लगी। लकड़ी का मकान होने के कारण आग ने विकराल रूप ले आस पास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग का विकराल रूप देखकर जखोल गांव के ग्रामीणों ने करीब 11 बजे जिला आपदा प्रबंधन व प्रशासन को इसकी सूचना दी।




जिलाधिकारी डॉ. मेहराबन सिंह बिष्ट के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्यो के लिए चिकित्सा, पेयजल आदि विभागों को भी मौके पर पहुंचने के लिए निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने राहत व बचाव कार्यों के लिए सतलुज जल विद्युत निगम सहित टोंस वन प्रभाग और गोविंद वन्य जीव विहार के वन कर्मियों का सहयोग लेने के लिए कहा। करीब 12:30 बजे राहत बचाव के लिए गोविंद वन्य जीव विहार की पहली टीम पहुंची। लेकिन तब तक ग्रामीणों ने खुद ही कड़ी मश्कत कर आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया था। आग बुझाते समय कुछ ग्रामीण आग की लपटों से भी झुलसे। रात तीन बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। 

राजस्व विभाग के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पशुपालन विभाग और वन विभाग मौके पर मौजूद है। इस अग्निकांड में गांव के कुल 9 मकान पूर्ण रूप से जल चुके है। जिसमें करीब 15-16 परिवार निवास करते थे। इसके अतिरिक्त 2 मकानों को आग से बचाने के लिए पूर्ण रूप से तोड़ा गया है। 3 मकानों को आंशिक रूप से तोड़ा गया है। दिए के कारण आग लगना बताया जा रहा है। इस घटना में मृतक महिला की पहचान ब्रह्मा देवी(75) पत्नी नेगी सिंह के रूप में हुई है।