उत्तराखंड : कीर्तिनगर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले गांवो को अगले महीने से मिलने लगेगा शुद्ध पेयजल, जल जीवन मिशन की योजना का कार्य अंतिम चरण में





श्रीनगर :
कीर्तिनगर ब्लॉक में कई सालों से चली आ रही पानी की समस्या अब हल होने को है।  ब्लॉक के हिसरियाखाल, अकरी व बारजुला पट्टी के 80 से अधिक गांवों की करीब 25 हजार से अधिक आबादी को अगले महीने जुलाई से शुद्ध पेयजल मिलना आरंभ हो जायेगा। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लक्षमोली-हडिमधार पेयजल योजना के पुनर्गठन का कार्य करीब 9 करोड़ से अधिक के बजट से किया जा रहा है। इसके तहत पेयजल निगम लक्षमोली में इंटेक वेल और फिल्टर पंप का निर्माण व जल संस्थान की ओर से गांवों में जरूरत के हिसाब से नए टैंक व कई स्थानों पर नई पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहा है जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।  




2016 में बनी इस योजना के इंटेक वेल में तकनीकी खामी आने व योजना का फिल्टर पंप न होने से इस क्षेत्र के लोग आठ सालों से पेयजल की अनियमित आपूर्ति से जूझ रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में बिना फिल्टर के ही पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 

लोगों के भारी दवाब पर क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजना के पुनर्गठन का प्रस्ताव पास कराकर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने का काम किया है। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के अंतर्गत 26 नए टैंक बनाए जा रहे हैं, जिनका कार्य भी अंतिम चरण में है और अगले महीने से इस योजना के इंटेक और फिल्टर पंप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करा दी जाएगी।