उत्तराखंड : जनपद चमोली के खैनुरि गांव की लवली और आरुषी की प्रशासन ने ली सुध





गोपेश्वर :
सोशल मीडिया पर जनपद चमोली के खैनुरि गांव की लवली और आरुषी का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। प्रशासन की टीम ने गुरुवार को खैनुरी गांव पहुंचकर अकेले रह रही बच्चियों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई। साथ ही उनकी मां से भी संपर्क कर उन्हें घर लौटने के लिए कहा। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि खैनुरी गांव की लवली और आरुषी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। जिसमें बच्चियां पिता की मृत्यु हो जाने और मां के साथ न होने से हो रही परेशानियों को बता रही थी। जिस पर माननीय मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को बच्चियों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए थे।

गुरुवार को समाज कल्याण विभाग और तहसील प्रशासन की टीम ने खैनुरी गांव पहुंचकर जहां उन्हें आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई वहीं हरिद्वार में रह रही उनकी मां से संपर्क कर बच्चियों की स्थिति के बारे में बताते हुए संवाद स्थापित किया। जिस पर महिला की ओर से जल्द घर लौटने की बात कही गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले में उप जिलाधिकारी को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का बच्चियों की पात्रता के अनुरूप लाभ देने और हर संभव मदद करने के आदेश दिए गए हैं।