Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!


देहरादून : उत्तराखंड पेपर लीक मामले में फरार चल रहे पचास हजार के इनामी भाजपा नेता संजय धारीवाल को एसआइटी ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से सवा चार लाख की नकदी भी बरामद हुई हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी और जेईएई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में फरार चल रहे नारसन के मोहम्मदपुर गांव के प्रधान और बीजेपी के पूर्व मंगलौर मंडल अध्यक्ष संजय धारीवाल को आखिरकार एसआइटी ने पकड़ ही लिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। 

एसआइटी की टीम बड़ी शिद्दत से धारीवाल की तलाश में लगी थी । इसके लिए एसआईटी द्वारा धारीवाल की संपति कुर्की के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जा चुका था और उसे कोर्ट के आदेश मिलते का इंतजार था। मुखविर से मिली सूचना पर एसआईटी की टीम ने नारसन क्षेत्र से संजय धारीवाल को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी अजय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संजय धारीवाल की निशानदेही पर अभ्यर्थियों को नकल स्थलों तक लाने व परीक्षा केन्द्रों तक ले जाने में इस्तेमाल किए गए वाहन एचआर 75-5692 को मौहम्मदपुर जट हरिद्वार स्थित घर से बरामद किया गया। जबकि संजय धारीवाल के भाई सुधीर के करनाल हरियाणा स्थित मकान से कुल 4.25 लाख व दो ब्लैक चैक बरामद किए हैं।

इस मामले में आरोपित के भाई सुधीर और बहन के दामाद दीपेन्द्र पंवार उर्फ सोनू निवासी मुकन्दरपुर थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर (कोचिंग संचालक) को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं।