Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पौड़ी : विकासखंड नैनीडांडा के एक प्राथमिक विद्यालय में सेवारत शिक्षक विगत 5 दिनों से लापता हैं। बहुत खोजबीन के बाद भी उनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने इस संबंध में पुलिस और डीईओ बेसिक को शिकायत सौंपकर इस प्रकरण में समुचित कदम उठाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सुनील रावत विकासखंड नैनीडांडा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय चैबाडा में प्रधानाचार्य हैं। 4 अप्रैल 2025 को उनके विद्यालय का एक सोशल ऑडिट हुआ था। ऑडिट करने के लिए उनके विद्यालय में तीन सदस्यीय टीम पहुँची थी। ऑडिट में टीम को कई आपत्तियां नजर आई। इसके बाद से ही शिक्षक सुनील लगातार तनाव में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने ऑडिट टीम से 7 अप्रैल को संपर्क किया था लेकिन उन्होंने बात करने से इंकार कर दिया। 10 अप्रैल को शिक्षक सुनील कोटद्वार के कुंभी में अपने घर पहुंचे और 11 अप्रैल को पत्नी को साथ लेकर किशनपुर स्थित अपनी ससुराल गए फिर वहां से बिना चप्पल पहने किसी को कुछ बताये बगैर बाइक से कहीं चले गए। उसके बाद से ही उनका कोई अता पता नहीं है। उनके इस तरह चले जाने और घर वापिस न आने से परिवार चिंतित हो गया और उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की लेकिन जब उनका कुछ पता नहीं चला तो इस बाबत उन्होंने पुलिस में तहरीर दी।
शिक्षक संघ ने बताया कि थाना धुमाकोट पुलिस के साथ ही डीईओ बेसिक को भी इस प्रकरण की जानकारी दी गई है। शिक्षक संघ ने अपने साथी की शीघ्र तलाश करने की मांग की है।
