Khelo india


KHELO INDIA CENTRE : उत्तराखंड जल्द ही स्पोर्ट्स हब बन जायेगा। यहां खेलो इंडिया योजना के तहत खेलो इंडिया सेंटर बनने जा रहे हैं। खेल निदेशालय ने हल्द्वानी में हॉकी के खेलो इंडिया सेंटर के लिए मंजूरी दे दी है। अब हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में हॉकी के खिलाड़ियों का अलग से प्रशिक्षण शिविर लगेगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत एथलेटिक्स, फुटबॉल सहित आठ खेलों के लिए खेलो इंडिया खेल सेंटर खोले जाएंगे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इन सेंटरों के खुल जाने से प्रदेश के सभी जिलों में खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ ही अन्य सुविधाएं भी मिल सकेंगी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में बन रहे हॉकी मैदान में खेलो इंडिया खेल सेंटर खोले जाने का प्रस्ताव खेल विभाग ने भेजा था। उनके इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। यही नहीं खेल निदेशालय ने प्रदेश के समस्त 13 जनपदों में खेलो इंडिया खेल सेंटर के संचालन की स्वीकृति भी दी है। इस संबंध में खेल निदेशक द्वारा आदेश भी जारी कर दिए गए है।

इन सभी खेल सेंटरों में भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से साई एनएसआरसी लखनऊ के माध्यम से धनराशि दी जाएगी। यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों का डाटा भी साई के पोर्टल पर दर्ज होगा।

खेल निदेशालय ने बताया कि जनपद चमोली के गोपेश्वर, चंपावत के टनकपुर, पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार और टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती ढालवाला में फुटबॉल का खेलो इंडिया सेंटर खोला जाएगा। जबकि अल्मोड़ा, नैनीताल के गौलापार स्टेडियम हल्द्वानी में हॉकी, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के मनेरा स्टेडियम में एथलेटिक्स के खेलो इंडिया सेंटर खुलेंगे। वहीं बागेश्वर में बॉक्सिंग, देहरादून में जूडो, हरिद्वार में कुश्ती, रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में हैंडबॉल का सेंटर खुलेगा।