Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
UTARAKHAND WEATHER: उत्तराखंड में मौसम जल्द करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते सोमवार से मौसम के मिजाज बदलने के आसार बताए जा रहे है । अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ साथ हिमपात होने के भी आसार हैं।
उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह से ही चटक धूप खिली हुई है, लेकिन शीत लहर के चलते सुबह शाम कंपकंपी बढ़ गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी धूप खिलने के कारण तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।
वहीं प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। सोमवार से ताजा पश्चिमी विक्षोभ की हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है जिससे मौसम में बदलाव आ सकता है। इन दिनों दिन के समय चटख धूप भले ही ठंड से राहत दिला रही हो लेकिन सुबह और शाम के समय चल रही शीत लहर से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ गई है।
ठंड के कहर के चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम हो गयी है, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है। बारिश न होने से लोग सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के शिकार ज्यादा हो रहे हैं। जिन्हें डॉक्टर ठंड से बचने की हिदायत दे रहे हैं।
