ऋषिकेश में छात्र ने  लगाई फांसी





ऋषिकेश :
 
यहां एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा आठ में पढ़ने वाले 14 साल के छात्र ने अपने कमरे में पंखे से लटक कर फांसी लगा ली। माता पिता को जब इसकी जानकारी हुई तो वे  बेटे को अचेत अवस्था में लेकर तुरंत एम्स पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद से छात्र के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। क्षेत्र में जिसने भी घटना के विषय में सुना वे स्तब्ध है। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ कैंतुरा निवासी गंगानगर हनुमंतपुरम ऋषिकेश कक्षा 8 वीं का छात्र था। वह स्कूल से छुट्टी होने के बाद सीधा घर पहुंचा। टूशन टाइम होने पर सिद्धार्थ ने ट्यूशन जाने से मना कर दिया और वह टीवी देखने लगा। यह देख घर में मौजूद उसके पिता ने उसपर ट्यूशन जाने के लिए दबाव बनाया। जिससे नाराज होकर सिद्धार्थ अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक परिजनों को सिद्धार्थ के कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो वे  उसके कमरे की ओर गए वहां जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया पर कोई उत्तर नहीं मिला तो उन्होंने रोशनदान से अंदर झांका तो उनके होश ही उड़ गए उनका बेटा पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। दरवाजा तोड़कर परिजनों ने किसी तरह बेटे को फंदे से नीचे उतरा और उसे तुरंत एम्स लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया।