Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
CHARDHAM YATRA : केदारनाथ में अब श्रद्धालु गर्भ गृह से कर सकेंगे दर्शन। केदार सभा और तीर्थ पुरोहितों के विरोध के बाद मंगलवार सुबह से श्रद्धालुओं को गर्भगृह से बाबा के दर्शन कराए जा रहे हैं। VIP दर्शनों के नाम पर चल रही मनमानी के चलते श्रद्धालुओं की भावना आहत हो रही थी व कई दर्शनार्थी बिना दर्शन के ही वापिस लौट रहे थे।
केदार सभा ने सभी श्रद्धालुओं को गर्भगृह से दर्शन कराने की मांग को लेकर सोमवार को केदारनाथ में नारेबाजी के साथ चार घंटे तक प्रदर्शन किया था। उनका कहना था कि श्रीबद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति धाम में अपनी मनमानी चला रही है। हेलिकॉप्टर से धाम आने वाले खास लोगों को वरीयता दी जा रही है। जबकि आम श्रद्धालुओं को सभामंडप से दर्शन कराए जा रहे हैं, जबकि आम श्रद्धालुओं को सभामंडप से दर्शन कराये जा रहे हैं जो उचित नहीं है।
केदार सभा ने चेतावनी दी थी कि अगर मंगलवार से गर्भगृह से दर्शनों की व्यवस्था शुरू नहीं कि गई तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जरुरत पड़ी तो केदारपुरी बंद पर भी विचार किया जाएगा।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि बाबा केदार के दर्शनों को धाम पहुंच रहे शिव भक्तों को बीकेटीसी गर्भगृह से दर्शन नहीं करा रही है। जबकि केदारनाथ में गर्भगृह से ही दर्शन का महत्व है। कहा कि मंदिर समिति अपने चहेतों और हेलिकॉप्टर से पहुंच रहे यात्रियों को पर्ची से दर्शन करवा रही है।
केदार सभा ने कहा कि मंदिर समिति की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पर्ची के सहारे खास को दर्शन बंद करने और गर्भगृह से आम श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की मांग की। लगभग चार घन्टे तक चले धरना-प्रदर्शन के बीकेटीसी के पदाधिकारियों ने केदार सभा को आश्वस्त किया कि मंगलवार से आम श्रद्धालुओं को गर्भगृह से ही दर्शन कराए जाएंगे, जिसके बाद आज सुबह से आम श्रद्धालुओं को भी दर्शन कराए जा रहे हैं।
