मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन दिवसीय नन्दा देवी लोकजात मेले का किया शुभारंभ मेले को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा


Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नंदप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली स्थित कुरुड़ पहुंचकर तीन दिवसीय नन्दा देवी लोकजात मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मां नंदा के दर्शन कर पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस मेले के बाद मां नन्दा देवी की लोकजात यात्रा प्रारंभ होगी, यह अलौकिक यात्रा प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत के संगम, भक्ति एवं आस्था की प्रतीक है।




इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न घोषणाएं भी की। जिनमें नंदानगर, नारायणबगड़ और देवाल में खेल मैदान निर्माण, प्राणमती नदी के दोनों तटों पर सुरक्षा कार्य, थराली के ढाडरबगड़ में बाढ़ सुरक्षा कार्य शामिल हैं। इसके अलावा नन्दा देवी लोकजात मेले को राजकीय मेला घोषित करने एवं नंदानगर चिकित्सालय को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने के साथ ही अन्य जनकल्याणकारी घोषणाएं भी की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पारंपरिक मेले हमें हमारी संस्कृति के साथ अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के पौराणिक मेलों को संरक्षण करते हुए नए आयामों को जोड़कर भव्यता प्रदान कर रही है। वर्तमान सरकार धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए विकास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कुरुड़ की समस्त देवतुल्य जनता का असीम स्नेह एवं आशीर्वाद के लिए सहृदय आभार प्रकट किया