Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




कर्णप्रयाग : उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण के नजदीक आदिबद्री-सिलपाटा मोटर मार्ग पर कार के दुर्घनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। कार में सवार तीनो लोग शिक्षक बताये जा रहे है जो कि छुट्टी पर अपने घर जा रहे थे। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर दो शवों और एक घायल को लगभग 300 मीटर गहरी खाई से रेस्क्यू कर बरामद किया । घायल को कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेज सिलपाटा में कार्यरत शिक्षक उम्मेद सिंह नेगी 45 वर्ष निवासी विकास नगर देहरादून, हिमांशु 45 वर्ष निवासी टपकेश्वर कॉलोनी देहरादून एवं ललित बिष्ट 36 वर्ष निवासी हल्द्वानी स्कूल से छुट्टी लेकर आज तड़के साढ़े पांच बजे के करीब देहरादून के लिए निकले थे कि आदिबद्री-सिलपाटा मोटर मार्ग पर अजानक ही उनकी वैगनआर कार संख्या UK-16A-9523 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में उम्मेद सिंह नेगी और हिमांशु की मृत्यु हो गई जबकि ललित बिष्ट गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। 




एसडीआरएफ टीम के कमांडर ने बताया कि घटना की जानकारी उनको गौचर पुलिस चौकी से मिलते ही वे अपनी टीम को लेकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जहाँ गहरी खाई से रेस्क्यू कर दोनों शवों और घायल व्यक्ति को सड़क पर लाये। इसके बाद घायल व्यक्ति को इलाज के लिए कर्णप्रयाग अस्पताल भेज दिया गया है। शवों का पंचनामा आदि कार्यवाही करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा। मृतकों व घायल के परिचितों को घटना की जानकारी दे दी गई है। इस दर्दनाक घटना से संपूर्ण क्षेत्रवासियों और  शिक्षकों में शोक की लहर छाई हुई है।