सिमली महिला बेस अस्पताल


Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कर्णप्रयाग : पूर्व विधायक डॉ. अनसुया प्रसाद मैखुरी का सपना हुआ साकार। सिमली बेस अस्पताल में बहुत जल्द नेत्र सर्जन, जनरल सर्जन और ईएनटी चिकित्सक अपनी सेवाएं देना शुरू कर देगें। स्वास्थ्य विभाग ने इन तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर पिंडर घाटी के लोगों को बड़ी राहत दी है। इनकी नियुक्ति होने से अब लोगों को उपचार के लिए रुद्रप्रयाग, गोपेश्वर या देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। इस सुविधा का लाभ कर्णप्रयाग सहित पिंडरघाटी और गैरसैंण क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा।




पूर्व विधायक डॉ. अनसुया प्रसाद मैखुरी के अथक प्रयासों से दो वर्ष पूर्व यह महिला बेस अस्पताल बना था लेकिन अस्पताल बन जाने के बावजूद शासन की ओर से अभी तक यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की गई थी। लोगों की सुविधा के लिए चमोली जिले के सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा ने अन्य अस्पतालों से व्यवस्था पर डॉक्टरों को यहां भेजकर अस्पताल का संचालन शुरू कराया था। 

परंतु क्षेत्र के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे वे लगातार यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग कर रहे थे। सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि सिमली बेस अस्पताल में ईएनटी, जनरल सर्जन व नेत्र सर्जन की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य जरूरी संसाधन जुटाने का काम चल रहा है। जल्द ही लोगों को यहां बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगेगी।