Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

पिथौरागढ़ : अस्कोट क्षेत्र के रसगाड़ी में हुआ भूस्खलन मलबे में दबने से एक युवक की मौत

पिथौरागढ़ : शुक्रवार को अस्कोट क्षेत्र के रसगाड़ी में भूस्खलन होने से एक मकान ध्वस्त हो गया। मकान के मलबे में दबने से उसके अंदर सो रहे युवक की मौत हो गई। जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर राजस्व की टीम मौके पर पहुंची और शव को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब चार बजे रसगाड़ी के ओजपाली तोक में अचानक भूस्खलन होने से एक मकान उसकी चपेट में आने से ध्वस्त हो गया। पहाड़ी से निकला मलबा और बोल्डर दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गया। जिससे मकान के अंदर सो रहे ललित मोहन जोशी के पुत्र भुवन जोशी (22) दब गए। घटना के बाद वहां गांव के लोग जमा हो गए। लेकिन मलबा इतना अधिक था कि उसे हटाना असंभव था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत राजस्व विभाग और पुलिस को दी। दोनों विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल मलबा हटाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

ग्रामीण एकता मंच के संयोजक तरुण पाल ने बताया कि घर के ऊपर बनी सिंचाई गूल के क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा था जो भूस्खलन का कारण बना है। तहसीलदार पिंकी आर्या ने कहा कि मृतक के परिजनों को सहायता राशि दी गई है। घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।