पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपुली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए पूर्वी नयार नदी में बनने वाली बहुउद्देशीय सतपुली झील का शिलान्यास सहित लगभग 172 करोड़ 65 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्र से सम्बंधित अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने बाबा केदार की भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा और इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है। आज जिस झील का शिलान्यास किया गया है उसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी होगा । इस झील के बनने से सतपुली में वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज शुरू होंगी। झील बनने से पौड़ी आने वाले पर्यटक सतपुली आकर नौकायन और वाटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा सतपुली झील का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ पर्यटन का भी विस्तार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है। प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में वृहद स्तर पर निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। हमारी सरकार पलायन को जड़ से समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उद्योगों में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
