मानसून की आहट से उत्तराखंड में मंडरा रहे खतरे के बादल मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

WEATHER ALERT : मानसून की आहट को देखते हुए उत्तराखंड में संकट के बादल मंडरा रहे हैं । मौसम विभाग की माने तो अगले 3 दिन उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में हल्की से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उत्तराखंड में जिस तर​ह की बारिश शुरू हो रही है, उससे साफ है कि आने वाले दिन लोगों के लिए भारी गुजरने तय है।  देहरादून समेत कई इलाकों में देर रात से तेज बारिश शुरू हो गई है जिसने गर्मी और उमस से लोगों को राहत पहुंचाई है।लेकिन बारिश के साथ प्राकृतिक आपदा और भूस्खलन की खबरें भी सामने आने लगी हैं। देहरादून, चंपावत, नैनीताल आदि कई क्षेत्रों में बारिश का कहर देखने को मिला है। बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव और नदियों के उफान पर आने की वजह से भूस्खलन के कारण लोगों की आफत आ गई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार रात से ही मौसम का मिजाज बदल चुका है। बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली है परंतु इसकी वजह से नेशनल हाईवे सहित 88 सड़कें बंद हो गई। लोक निर्माण विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि बंद सड़कों को खोलने के लिए 233 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। मसूरी में हुई भारी बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगहों पर मलबा आ गया। सूचना पर लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी लगाकर मलबा हटवाया जिसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली आदि जिलों के लिए 29 जून को भी अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, 30 जून को नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना का यलो अलर्ट है। बारिश से जलभराव और नदियों के ऊफान पर आने से कई स्थानों पर भूस्खलन भी हो रहा है जिसे देखते हुए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली के लिए अलर्ट जारी हुआ है और चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सतर्क रहने और मौसम का अपडेट लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।