मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना में शिरकत कर महिला स्वयं सहायता समूह की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए


Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




देहरादून :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर शासकीय आवास में  ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय सम्मान कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने चार जनपदों से आए प्रतिभागियों में से 10 सहायता समूह को रिवॉल्विंग फण्ड के रूप में 25-25 हजार रु., 10 समूह को सीआईएफ के रूप में 75-75 हजार रु. एवं सीसीएल के रूप में ₹1.50 लाख की धनराशि के चेक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा तथा उनकी दीर्घायु की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से मात्र 1 वर्ष में स्वयं सहायता समूहों की बहनों ने स्थानीय उत्पादों के विपणन से ₹3.18 करोड़ से अधिक की आय की है। वर्तमान में प्रदेश की हजारों महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।




उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण दिए जाने के साथ ही मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, लखपति दीदी योजना जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बता दें कि बीते वर्ष 2023 में रक्षाबंधन के दिन सीएम धामी ने सशक्त बहना उत्सव योजना की शुरुआत की थी। इस योजना का लक्ष्य महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करना था। इसके चलते महिला सशक्तिकरण द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाती है। इसके अतिरिक्त उत्पादों के विपणन की व्यवस्था की जाती है।