Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गैरसैंण : बजट सत्र समाप्त होने के बाद शुक्रवार सुबह सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल के साथ गैरसैंण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अचानक निरीक्षण कर वहां मरीजों के लिए सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी लेने के साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हाल ही में घोषित 50 बेड के उप जिला अस्पताल के अंतर्गत निर्माणाधीन भवन के कार्य की प्रगति को भी देखा और निर्माण कर रही संस्था को इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सशक्त करना हमारी प्रार्थमिकता है। इसके लिए हम हर दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। प्रदेश के लोगों को अच्छी व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए हमने बजट में आयुष्मान योजना में भी वृद्धि की है। ताकि सभी कार्ड धारक इस योजना का लाभ उठा सकें।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों से बात कर उनके सामने आ रही समस्याओं व कठिनाइयों को भी जाना। इस बीच उनके साथ विधायक भूपाल राम टम्टा, मुन्ना सिंह चौहान, डॉ.आर.राजेश कुमार सचिव स्वास्थ्य, हिमांशु खुराना जिलाधिकारी चमोली , एसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
