मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव को सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिकी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम बताया


बद्रीनाथ धाम : जनपद चमोली के बद्रीनाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय “देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025” का  रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समापन दिवस पर बद्रीनाथ धाम पहुँचे, हैलीपैड पर  जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। पुलिस बल की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

इस आयोजन में स्थानीय समुदायों, पर्यटकों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। महोत्सव का संचालन भारतीय सेना एवं उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ़ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, उत्तर भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय जनता, सेना और प्रशासन के सुचारू समन्वय से यह आयोजन बेहद सफल रहा, जिसने सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिकी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है। उन्होंने स्थानीय बामणी गाँव की महिलाओं द्वारा शॉल भेंट कर किए गए स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन व सेना द्वारा लगाए गए स्टालों एवं “नो योर आर्मी” प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी भारतीय सेना और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत करेगी। आर्मी द्वारा प्रदर्शित उपकरणों, मॉडल्स और सूचना सामग्री की उन्होंने विशेष सराहना की।