देहरादून : राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक और आये दिन जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राजधानी के करीब 21 स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। डीएम ने इसके लिए आदेश जारी किये हैं। आदेश के अनुसार 19 जुलाई से स्कूलों का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 1.45 बजे रखा गया है। इस व्यवस्था के दायरे में लगभग छब्बीस हज़ार पांच सौ से अधिक विद्यार्थी आ रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जिलाधिकारी सोनिका ने कहा, यह देखा गया है कि एक ही समय पर अधिक छात्रों की कक्षाओं के शुरू होने और छुट्टी के समय में विद्यार्थियों और वाहनों की संख्या बढ़ जाने से ट्रैफिक को कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा था, इसलिए यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पहले एक सप्ताह में नए प्लान के असर की समीक्षा की जाएगी। जिसके बाद इसमें निरंतर या बदलाव का निर्णय लिया जाएगा।
इन 21 स्कूलों में पार्किंग की भी बड़ी समस्या है। स्कूलों की पार्किंग में महज 705 चारपहिया वाहन ही खड़े किए जा सकते हैं, जबकि दुपहिया वाहनों की क्षमता 1630 है। हालांकि, इतनी क्षमता में भी तमाम स्कूल अभिभावकों को पार्किंग सुविधा मुहैया कराने से कतराते हैं। जिसके चलते अभिभावकों द्वारा वाहनों और निजी वैन को सड़क पर ही पार्क करा दिया जाता है। जिससे जाम को बढ़ावा मिलता है।
इन स्कूलों के समय में होगा बदलाव
डालनवाला क्षेत्र– ब्रुकलिन, ब्राइटलैंड, दून ब्लॉसम स्कूल, कारमन, दून इंटरनेशनल।
ईसी रोड क्षेत्र- हिल ग्रेंज स्कूल, मार्शल स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल और एसजीआरआर।
सुभाष रोड क्षेत्र – हेरिटेज, सेंट थॉमस, जसवंत मॉडर्न, सीजेएम, सेंट थॉमस।
राजपुर रोड क्षेत्र- पाइन हॉल स्कूल, जीजीआईसी, सेंट जोजेफ्स, स्कॉलर होम और ग्रेस एकेडमी।
नेहरू कॉलोनी- शेरवुड और समरवैली स्कूल।
