रानीखेत में विधायक के भाई की दबंगई

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अल्मोड़ा : रानीखेत में ग्राम प्रधान ने विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के भाई व भांजे के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में स्थानीय थाने में केस दर्ज कराया है। ग्राम प्रधान के साथ दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कैलाश चंद्र पंत भी पीड़ित के पक्ष में अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया।

जानकारी के मुताबिक ग्राम मिचोली, पोस्ट सीम निवासी संदीप खुल्वे ने मंगलवार को भतरौंजखान थाने मे तहरीर देकर बताया कि पीपलमंडी से भतरौंजखान गए थे । वहां विधायक के भाई सतीश नैनवाल और उनके भांजे संदीप बधानी ने रामनगर रोड स्थित वैल्डिंग की दुकान के ठीक सामने उनकी गाड़ी को रोका और बाहर खींचकर उसे बुरी तरह पीट दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने थाने जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई पर पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।




केस दर्ज न होने पर ग्राम प्रधान दूसरे दिन अपने साथ दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कैलाश पंत और उनके समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। उन्होंने विधायक के भाई और भांजे के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की। इस दौरान थाने में गहमागहमी का माहौल रहा।

आखिरकार काफी जद्दोजहद करने पर पुलिस ने दो घंटे बाद दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर पीड़ित और दर्जा राज्य मंत्री पंत अपने समर्थकों के साथ वहां से रवाना हुए। हालांकि दूसरे पक्ष ने भी प्रधान के खिलाफ तहरीर दी है, लेकिन उसके खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ है।