Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
HALDWANI VIOLENCE : शुक्रवार को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने डीजीपी अभिनव कुमार के साथ हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाने का निरीक्षण किया। निरिक्षण के बाद उन्होंने कहा कि जिस सुनियोजित तरीके से पुलिस पर हमला हुआ, थाना और वाहन फूंके गए उससे साफ जाहिर होता है कि इसके पीछे बड़ी साजिश रची गई थी। इसकी मजिस्ट्रियल जांच होगी।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने इस हिंसा की मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश जारी किए हैं। इसके लिए उन्होंने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी और निकटवर्ती इलाकों में हुई हिंसात्मक घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जांच अधिकारी नामित किया है। मुख्य सचिव द्वारा कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को 15 दिनों के अंदर घटना की निष्पक्ष जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें की 8 फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में एक अवैध निर्माण को हटाने गई नगर निगम की टीम और पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पत्थर और पेट्रोल बम्बो से जानलेवा हमला कर दिया था। जिसके बाद हालात को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने वहां कर्फ्यू लगा दिया था जो अब तक जारी है। हालांकि बाहरी इलाकों से कर्फ्यू हटा दिया गया है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने एसओ मुखानी, सहायक नगर आयुक्त और एसओ बनभूलपुरा की तहरीर पर 18 नामजद समेत पांच हजार उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पांच लोगो को गिरफ्तार भी किया गया है और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग कब्जे में ले ली है। हिंसा में जो भी दोषी होगा उन उपद्रवियों पर एनएसए लगाने की बात कही जा रही है।
