किसान सम्मान एवं लाभार्थी योजना


DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को निरंजनपुर, देहरादून स्थित नवीन मण्डी में आयोजित ‘किसान सम्मान एवं लाभार्थी योजना’ कार्यक्रम में कृषि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि मंडी से जुडी समस्याओं के समाधान के लिए जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं उनका परिक्षण कराकर प्रस्ताव बनाये जायेंगे। किसानों की आय में वृद्धि और उनके कल्याण हेतु हम सदैव समर्पित हैं। उन्होंने किसान बंधुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुआंवाला-डोईवाला मार्ग पर दण्डेश्वर मंदिर का सौन्दर्यीकरण किए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुआंवाला-डोईवाला मार्ग पर दण्डेश्वर मंदिर का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण कर लोगों को वृक्षारोपण के लिये प्रेरित भी किया।

किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसानों को 3 लाख और महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। फार्म मशनरी बैंक के तहत 80 प्रतिशत की सब्सिडी दी जा रही है। एप्पल, कीवी, तेजपत्ता, तिमूर मिशन पर कार्य किये जा रहे हैं। सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए 6 ऐरोमा वैली विकसित की जा रही हैं। काशीपुर में ऐरोमा पार्क बनाया जा रहा है। राज्य में कलस्टर आधारित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है इसके साथ ही एक साल में 18 हजार पॉलीहाउस बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे एक लाख लोगों का रोजगार उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत इस वर्ष जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। उत्तराखंड को जी-20 की तीन बैठकें आयोजित करने का अवसर मिला। देश के 50 से अधिक शहरों में इन बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश के छोटे शहरों को अन्तरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है। कहा कि कृषि क्षेत्र देश की बैक बोन की तरह है। देश को मजबूती से आगे बढ़ाने में हमारे किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। किसानों को सशक्त बनाने के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री विनोद चमोली , श्री खजानदास, श्रीमती सविता कपूर, मेयर श्री सुनील उनियाल गामा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा नेता श्री अनिल गोयल, अध्यक्ष मण्डी समिति श्री कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष श्री त्रिलोक सिंह बिष्ट, किसान मोर्चा के अध्यक्ष श्री योगेन्द्र सिंह पूण्डीर आदि मौजूद रहे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed