चमोली-गोपेश्वर नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत 

गोपेश्वर : सोमवार 20 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गोपेश्वर पहुंचकर चमोली-गोपेश्वर नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पासवान के शपथ ग्रहण समारोह में  प्रतिभाग किया। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जीत की बधाई देते हुए नगर पालिका के विकास कार्यो को आगे बढाने के लिए शुभाकामनाएं दी।मुख्यमंत्री के गोपेश्वर आगमन पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा चौहान और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। 

जिला मजिस्ट्रेट हिमांशु खुराना ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। गोपेश्वर-चमोली नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पासवान ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं साफ बनाने तथा नगर की सेवा के लिए वे अपना पूर्ण योगदान करेंगी साथ ही उन्होंने गोपेश्वर चमोली की समस्यायों का एक ज्ञापन भी सीएम को सौंपा। जिसमें गोपेश्वर में मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण और सीवर लाइन के काम में तेजी लाना है।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले की सबसे बडी नगर पालिका चमोली-गोपेश्वर को एक आदर्श नगर पालिका बनाने के लिए मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जायेगा ताकि नगर क्षेत्र में पार्किंग, भूस्ख्लन, बरसाती नालों एवं अन्य समस्याओं का सुनियोजित तरीके से समाधान हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर क्षेत्र के विकास कार्यो को तेजी से आगे बढाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अपने सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया जिसमें बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के द्वार विकास की गति में तेजी लाना है। 

बता दें कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रैणी आपदा में बेघर हुई वृद्वा सोणी देवी को ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इन्सीट्यूट की ओर से बनवाए गए नए घर की चाभी सौंपी। जोशीमठ क्षेत्र के रैंणी गांव में फरवरी 2021 की आपदा में सोणी देवी का घर जमींदोज हो गया था। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इन्सीट्यूट के चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने सोणी देवी के लिए आसपास सुरक्षित इलाके में घर बनाने का निर्णय लिया था। सोणी देवी को मेरग गांव में नया घर बनवाया गया। सीएम ने आज उन्हें नए घर की चाभी सौंपी। नया घर मिलने पर सोणी देवी ने मुख्यमंत्री एवं ग्राफिक ऐरा गु्रप का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ग्राफिक एरा के महानिदेश डा. संजय जसोला एवं निदेशक(इंफ्रा) डा.सुभाष गुप्ता भी मौजूद थे। इस दौरान नीती माणा की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को पारम्परिक भोजपत्र की माला भेंट कर उनका अभिवादन किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री रिपुदमन सिंह रावत, पूर्व विधायक महेंद्र भट, पूर्व विधायक थराली मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, भाजपा जिला महासचिव समीर मिश्रा,  पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनुसुया प्रसाद भट्ट, जिले के प्रभारी विजय कपरवाण, नंदप्रयाग नगर पंचायत अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, गोपेश्वर नगर पालिका के समस्त सभासद, गणमान्य नागरिक एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *