चमोली खबर : फौजी बनकर ठगने वाले को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर धर दबोचा

कर्णप्रयाग : कर्णप्रयाग बाजार में एक व्यक्ति को कमरे में बंद कर उसका मोबाइल फोन और नगदी लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने अपनी सतर्कता और सूझबूझ से  महज 24 घंटे के भीतर चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि विगत 19 अगस्त 2025 को ग्राम कोली निवासी शुभम नेगी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराइ थी कि वह केदारनाथ से नौकरी कर अपने घर  लौट रहा था। रास्ते में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम अंशुल और खुद को फौजी बताया। हम दोनों साथ में कर्णप्रयाग तक आए और हिमालय लॉज में रात बिताई। इसी दौरान शुभम ने नया Realme 14 Pro Plus मोबाइल फोन खरीदा जिसकी कीमत ₹32,000 थी। सुबह होते ही कथित अंशुल फौजी, शुभम का नया फोन और ₹10,000 नगद चोरी कर कमरे के बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते प्रभारी निरीक्षक राकेश चन्द्र भट्ट के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच टीम ने संदिग्ध का फोटो प्राप्त किया और दुकानदारों से लगातार संपर्क बनाए रखा और अन्य स्थानों के दुकानदारों को भी सचेत कर दिया । इसके साथ ही कर्णप्रयाग बाजार में लगे करीब 20–25 CCTV कैमरे खंगाले। इसी दौरान एक मोबाइल विक्रेता से सूचना मिली कि कोई युवक चोरी का नया मोबाइल बेचने की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस की जांच टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर 20 अगस्त 2025 को घोलतीर शिवानंदी के पास से आरोपी को दबोच लिया। जांच टीम ने उसके पास से चोरी किया गया Realme 14 Pro Plus मोबाइल फोन व ₹9,500 नगद बरामद किया। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु नेगी उर्फ अंशुल (22 वर्ष) निवासी ग्राम बणद्वारा, थाना गोपेश्वर के रूप में हुई है। यह शातिर किस्म का चोर पहले भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस की जांच टीम में वरि. उप.नि. संजय सिंह नेगी, अप. उप.नि. राजीव कुमार (चौकी प्रभारी बाजार कर्णप्रयाग), हे.का. दान सिंह, हे.का. रामलाल, हे.का. भगत लाल शामिल थे। इन्होने बड़ी तत्परता और मुस्तैदी से चोरी की इस वारदात का खुलासा 24 घंटे के भीतर कर पीड़ित को न्याय दिलाया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *