PERIS OLYMPICS 2024 मनु भाकर ने रचा इतिहास


Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




PERIS OLYMPICS : 
पेरिस ओलंपिक के चौथे दिन भारत की मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने इतिहास रच दिया। भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने आज दस मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत के लिए दूसरा कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा है। मनु भाकर एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं हैं।। इन दोनों ने आज 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पहले मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी कांस्य जीता था।

पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में मनु भाकर ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर कांस्य पदक के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन और ली वोन्हो की जोड़ी को 16-10 से हराया। भारत ने कुल मिलाकर आठ राउंड जीते, जबकि कोरिया ने पांच राउंड में जीत हासिल की। इस स्पर्धा में पहले 16 अंक हासिल करने वाली टीम जीतती है। इसी के साथ मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। वह एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। साल 1900 में नॉर्मन प्रिचर्ड ने दो पदक जीते थे, लेकिन वो मूलत: ब्रिटिश थे। मनु पहली भारतीय हैं। मनु से पहले किसी और भारतीय एथलीट ने एक ओलंपिक में दो पदक नहीं जीते हैं। सरबजोत का ये पहला ओलंपिक मेडल है।




इस मुकाबले में मनु भाकर और सरबजोत सिंह की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी।  भारतीय जोड़ी पहला शॉट हार गई थी। लेकिन वे खराब शुरुआत से निराश नहीं हुए  और अगला शॉट जीत लिया।  इसके बाद तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।  देखते ही देखते मनु भाकर और सरबजोत सिंह 6-2 से आगे हो चुके थे।  जब कोरियाई जोड़ी 6 के स्कोर तक पहुंची तब तक भारतीय जोड़ी 14 तक पहुंच गई।  अब भारत को जीत के लिए सिर्फ दो अंक की जरूरत थी, तब कोरियाई जोड़ी ने लगातार दो शॉट जीतकर अपना स्कोर 10 तक पहुंचा दिया।  लेकिन भारतीय जोड़ी ने इसके बाद विरोधी जोड़ी को कोई मौका नहीं दिया।  भारतीय जोड़ी ने 13वें शॉट को अपने नाम कर स्कोर 16-10 कर दिया। और इस तरह से उन्होंने मुकाबले को जीत ब्रॉन्ज मैडल पर कब्ज़ा कर लिया।