UTTARKASHI
: यहां शहीद पार्क में पूर्व सैनिकों के होने वाले समारोह के लिए लगे टेंट में हाईटेंशन लाइन के गिरने से करंट फैल गया जिससे सेना के एक जवान की मौत हो गई जबकि तीन अन्य झुलस गए। झुलसे दोनों जवानों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि टेंट में लगे लोहे के हुक से करंट फैलने के कारण यह हादसा हुआ।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानसू पुलिस लाइन मार्ग पर स्थित शहीद पार्क में बुधवार को पूर्व सैनिकों के लिए एक कार्यक्रम होना था, जिसमें पूर्व सैनिकों की समस्याओं सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए हर्षिल से सेना के जवान यहां पहुंचे थे जिनके द्वारा मंगलवार सुबह से ही टेंट लगाने का कार्य शुरू किया गया था। टेंट के ऊपर से एक हाईटेंशन लाइन थी। 




बुधवार की शाम आंधी चलने से टेंट उड़ने की आशंका को देखते हुए कुछ जवानों ने  टेंट की बल्लियों को कस कर पकड़ा हुआ था। तभी  टेंट में अचानक से करंट फैल जिससे टेंट पकडे जवानों को जोर का झटका लगा जिसमें एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो जवान बुरी तरह झुलस गए जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उनकी स्थिति नाज़ुक है किंतु  खतरे से बाहर है। 

एसडीएम सीएस चौहान ने घटना स्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और दुःख जताया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी सेना के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने शोक प्रकट किया और जिला अस्पताल पहुंचकर झुलसे जवानों से मुलाकात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। 




इस हादसे में राइफलमैन करण सिंह (22) निवासी ग्राम चुनेरा (मड़ापट्टी) तहसील महलपुर जम्मू कश्मीर की मौके पर मौत हो गई जबकि राइफलमैन विशाल शर्मा निवासी ग्राम चाका जनपद सांबा, हवलदार पवन कुमार निवासी ग्राम रामपुर जिला सांबा व दिनेश राज तहसील मारवान जम्मू कश्मीर झुलस गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *