देहरादून में गैस लीक


GAS LEAK IN DEHRADUN :  उत्तराखंड की स्थाई राजधानी देहरादून के झाझरा में मंगलवार तड़के एक प्लाट में रखे गैस सिलिंडरों से अचानक से गैस रिसाव हो गया। जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी व कुछ लोग बेहोश हो गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।  सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। देहरादून एडीएम रामजी शरण ने बताया कि लोगों को आंखों में जलन की शिकायत और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसके बाद लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना आज तड़के की बताई जा रही है। थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि झाझरा क्षेत्र के एक खाली प्लाट में गैस सिलिंडरों से रिसाव हो रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। साथ ही आस-पास के क्षेत्र में स्थित घरों से लोगों को निकालते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। मौके से गैस सिलैंडरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सिलिंडरों को पानी में डालकर मिट्टी में दबाया हैं। एसएसपी ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।   

बताया जा रहा है कि जिस प्लाट में सिलिंडर रखे हुए थे वो आगरा निवासी ठेकेदार राजीव गुप्ता का है। उन्होंने कुछ साल पहले यहां वाटर प्लांट लगाया था। तब से ही ये सिलिंडर यहां पर रखे हुए थे। आज तड़के एक सिलिंडर में से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। मामले की जांच के लिए पुलिस ने प्लाट मालिक राजीव गुप्ता को बुलाया है। उनके खिलाफ एफआईआर की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *