Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
G-20 Sammelan Delhi : उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अगले कुछ दिन थोड़ा मुश्किल भरे हो सकते हैं। दरअसल दिल्ली में 7 से 10 सितंबर 2023 तक जी-20 सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने काफी जगह पर मार्ग परिवर्तित किए हैं। इसके साथ ही अंतर्राज्यीय बसों को भी दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस स्थिति में उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाली परिवहन निगम की बसें कल गुरुवार रात नौ बजे से प्रभावित रह सकती हैं। बसों का संचालन दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमा से किया जा सकता है। हालांकि उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि अभी प्रवेश रोकने को लेकर उनको कोई आदेश नहीं मिला है।
उत्तराखंड परिवहन निगम प्रदेश के विभिन्न शहरों व कस्बों से दिल्ली के लिए करीब साढ़े चार सौ बसों का नियमित संचालन करता है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश व हरियाणा परिवहन की बसें भी उत्तराखंड के विभिन्न डिपो से दिल्ली या दिल्ली होकर आगे के लिए संचालित होती हैं।
वहीं उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) दीपक जैन ने प्रदेश के समस्त डिपो सहायक महाप्रबंधकों को स्थिति के अनुसार बसों का संचालन करने व चालक-परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि अगर दिल्ली सीमा पर बसों को रोका जाता है तो बसों का संचालन सीमा क्षेत्र से ही किया जाए।
