दुःखद खबर : मसूरी देहरादून हाईवे पर दर्दनाक हादसा एक कार के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत एक घायल





देहरादून : बुधवार देर रात को देहरादून मसूरी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मसूरी से देहरादून आ रही कार के ग्लोगी के पास खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। 

जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी तीन व्यक्ति देहरादून से मसूरी घूमने गए थे। वापसी में उनकी कार ग्लोगी में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार एक व्यक्ति घटना के वक्त कार से कूद गया। कूदने से वो घायल हो गया लेकिन घायलवस्था में ही उसने फ़ोन से घटना की जानकारी पुलिस को दी। जब ये घटना घटी उस समय रात के करीब एक बज चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची तो उन्होंने वहां एक व्यक्ति को घायल पाया। घायल व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि हमारी कार गहरी खाई में गिर गई है। मैंने कूदकर अपनी जान बचाई जबकि दो लोग गहरी खाई में हैं।

एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गहरी खाई और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रात 1 बजे से सुबह तक जारी रहा। एसडीआरएफ की टीम ने दोनों व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। 

पुलिस के मुताबिक कार में तीन लोग सवार थे, जिसमें से एक व्यक्ति मेजर अंशुमान त्रिखा ने कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।  मृतकों की पहचान सौरभ त्रिखा पुत्र सुभाष और कार्तिक त्रिखा पुत्र स्व. कैलाश त्रिखा निवासी सेवक आश्रम रोड देहरादून के रूप में हुई। जबकि घायल की पहचान शुमान त्रिखा के रूप में हुई है। शवों को मोर्चरी में भिजवाया गया है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *