चमोली खबर : जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं के साथ ही भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र हल्द्वापानी में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यो का लिया जायजा





गोपेश्वर :
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिकारियों के साथ गोपेश्वर बस स्टैंड, नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र हल्द्वापानी में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि बस स्टैंड एवं नगर क्षेत्र में लगने वाली फड फेरियों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित स्थानों पर लगाया  जाए, ताकि बाजार में जाम की स्थिति न बने। उन्होंने बस स्टैंड एवं प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी लगाने, जल संस्थान के माध्यम से नगर में पेयजल लाइनों की लिकेज को ठीक करने, नालियों की नियमित सफाई करने व सड़क किनारे नालियों में जाली लगाकर सड़क को चौडा करने के निर्देश भी दिए। 





इस दौरान जिलाधिकारी ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र हल्द्वापानी में चल रहे सिंचाई विभाग के अधिकारियों से ट्रीटमेंट कार्यो की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए सितंबर माह का समय निर्धारित था, लेकिन मानसून के चलते दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। भूस्खलन क्षेत्र में माइक्रो पाइलिंग का काम चार चरणों में पूरा हो चुका है और अब गेबियन वॉल का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी ने भूस्खलन से प्रभावित भवनों में लगे क्रैकोमीटर की भी जांच की। जिसमें दरारें बढ़ने की घटना नही पायी गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यो को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने हल्द्वापानी में निर्माण कार्यो की वजह से क्षतिग्रस्त हाईवे पर तत्काल डामरीकरण कराने के निर्देश भी दिए। ताकि यहां पर वाहनों की सुगमता से आवाजाही बनी रहे।


निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता परशुराम चमोला, ईओ नगर पालिका मानवेन्द्र सिंह रावत सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *