चमोली खबर : गोविंदघाट में भरभरा कर टूटी पहाड़ी, हेमकुंड साहिब को जोड़ने वाला पुल हुआ क्षतिग्रस्त





GOPESHWAR :
 
चमोली जिले में एक बार फिर पहाड़ी टूटने से हादसा हो गया। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन इससे हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों में जरूर असर पड़ सकता है। 

बुधवार सुबह गोविंदघाट के पास अचानक एक पहाड़ी के टूटने से हेमकुंड साहिब को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त पुल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बहुत बड़ी क्षति हो सकती थी। पुल टूटने से घाँघरिया, भ्यूंडार, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की आवाजाही बाधित हो गई है। 2013 की आपदा के बाद इस मोटर पुल का निर्माण किया गया था। हालाँकि जिले में हिमस्खलन का खतरा अभी भी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार आठ मार्च से मौसम में बदलाव हो सकता है। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर पुल पर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई तीर्थयात्री या स्थानीय व्यक्ति पुल पर मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 25 मई को खुलने वाले हैं। ऐसे में मुख्य पुल के टूट जाने से परेशानी खड़ी हो गई है। इस पुल के टूटने से अब यात्रा की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *