उत्तराखण्ड पुलिस





DEHRADUN :
वर्दी पहन कर कानून के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले पुलिस वालों को भी नियमों का पालन करना होगा। अब बिना हेल्मेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर पुलिसकर्मियों के भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे जाएंगे। नियमों का पालन न करने पर  विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इस संबंध में डायरेक्टर ट्रैफिक मुख्तार मोहसिन ने सभी पुलिस कप्तानों को आदेश जारी किए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!




यातायात निदेशालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक डीजीपी अभिनव कुमार ने इस बात पर बेहद नाराजगी जाहिर की थी कि बहुत से पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिये वाले वाहन चलाते पाए जाते हैं। चूंकि वो वर्दी में होते हैं इसलिए उन्हें कोई रोकता टोकता भी नहीं। इसी बात का फायदा उठाकर वर्दी धारी या सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मी चालान की कार्रवाई से बच निकलते हैं। डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा की उनकी यही कारस्तानी पुलिस महकमे की छवि को खराब करती है। इसी के मद्देनजर यातायात निदेशालय ने सभी पुलिस कप्तानों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

जारी निर्देश के मुताबिक जो पुलिसकर्मि यातायात के नियमों की अनदेखी करता पाया जायेगा उसका चालान तो कटेगा ही साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।यहां तक कि उसे लाइन हाजिर से लेकर सस्पेंड तक किया जा सकता है। यातायात निदेशालय उत्तराखंड ने इस संबंध में कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए हैं।