टिहरी झील में नहाने गए युवक की डूब कर मौत घर और गांव में छाया मातम





TEHRI  :
धनतेरस के दिन टिहरी के प्रताप नगर में एक दुःखद घटना घट गई। टिहरी बांध की झील में अपने दोस्तों के साथ नहाने गया एक छात्र झील में डूब गया। छात्र के डूबने की खबर मिलते ही उसके गांव जड़गी में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर झील में छात्र को तलाश किया लेकिन अभी तक वे उसका पता नहीं लगा पाए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार प्रतापनगर ब्लॉक के जड़गी गांव निवासी हिमांशु चौहान (20) पुत्र प्रताप सिंह चौहान अपने तीन दोस्तों के साथ मंगलवार को सुबह तक़रीबन साढ़े ग्यारह बजे नहाने के लिए निकला था। दोपहर एक बजे के लगभग वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित टिहरी बांध की झील में नहाते वक्त डूब गया। उसके साथ गए अन्य दोस्तों ने इसकी सूचना गांव में और पुलिस को दी। जिसके बाद गांव के लोग और पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

थानाध्यक्ष शांति प्रसाद चमोली ने बताया कि एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोरों ने झील में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन झील की गहराई अधिक होने के कारण कुछ पता नहीं चल पाया। झील में डूबे छात्र की तलाश जारी है। 

छात्र हिमांशु इंटर कॉलेज ओखलाखाल में 12वीं में पढ़ता है। उसके डूबने की सूचना पर उसकी मां, छोटे भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।