उत्तरकाशी में सड़क दुर्घटना





UTTARKASHI :
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार को एक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हैं। गंगोत्री राष्ट्रिय राजमार्ग पर आर्य विहार आश्रम के पास  पहाड़ी से पत्थर आने के कारण एक वाहन के अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में गिर जाने से उसमें सवार चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार एक वाहन उत्तरकाशी से भटवाड़ी के द्वारी गांव जा रहा था। शाम को आर्य विहार आश्रम के पास पहाड़ी से रोड पर अचनाक पत्थर आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत छह व्यक्ति सवार थे। खबर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने हादसे के शिकार हुए लोगों को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। 




मृतकों व घायलों की हुई पहचान 

हादसे में 3  व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोडा । मृतकों की पहचान द्वारी गांव की रहने वाली इन्द्रा देवी (51), आशा देवी (41), दुर्गा देवी (58) निवासी द्वारी गांव और कर्णलाल (51) निवासी भटवाड़ी  के रूप में हुई है। वहीं द्वारी गांव के रहने वाले वाहन चालक आदित्य रावत (26) और लुदर सिंह (20) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उत्तरकाशी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उत्तरकाशी जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को उनका बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए।