चमोली खबर : बद्रीनाथ से लापता दो नाबालिग कर्णप्रयाग में सकुशल बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा





ज्योतिर्मठ :
वीरवार 22-05-2025 को बद्रीनाथ क्षेत्र से दो नाबालिकों के गायब होने की सूचना पर पुलिस ने सतर्कता बरते हुए इस घटना की जानकारी जनपद के सभी थानो को भेज दी । पुलिस की सतर्कता का परिणाम ये हुआ कि शुक्रवार को दोनों नाबालिक बच्चे कर्णप्रयाग से सकुशल बरामद हो गए। 

बताया जा रहा है कि अपने परिजनों के साथ मजदूरी करने आये नेपाली मूल के दो नाबालिग वीरवार सुबह के समय बिना बताए कहीं चले गये थे। बच्चों के अचानक गायब होने से उनके परिजन काफी चिंतित हो गए। उन्होंने अपने आस-पास और कई जगहों पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने इस संबंध में थाने में जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।  




मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बद्रीनाथ पुलिस ने तत्काल उक्त दोनों गुमशुदा के संबंध में जनपद के अन्य थानों और पुलिस चौकियों को सूचना प्रेषित की। इसी क्रम में, कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस को भी इस गुमशुदगी की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस टीम सक्रिय हो गई और कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने विशेष रूप से होटलों, ढाबों और अन्य संभावित स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली। चेकिंग के दौरान, पुलिस टीम को दोनों गुमशुदा नाबालिग पीपल चौक के पास सकुशल मिल गए। कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा बरामद किए गए दोनों नाबालिगों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के बाद आज 23 मई, 2025 को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने चमोली पुलिस की सतर्कता की सराहना की और सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम जिसमें अ0उ0नि0 भूपेंद्र गोदियाल कां0 मनवीर सिंह हो0गा0 भरत सिंह थे, की मुस्तैदी से दोनों नाबालिग सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट सके।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *