उत्तराखंड : पुलिस एसटीएफ ने एसएससी भर्ती परीक्षा में नकल गिरोह का किया पर्दाफाश लैपटॉप और राऊटर के माध्यम से करा रहे थे नकल

देहरादून : एसटीएफ उत्तराखंड और एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए देहरादून के महादेव डिजिटल जोन (परीक्षा केंद्र) में छापा मारकर एसएससी एमटीएस परीक्षा में नकल कराने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार, निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश और भास्कर नैथानी, निवासी देहरादून हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यूपीएस रूम में एक खुफिया भूमिगत चैंबर में छिपाकर रखे गए लैपटॉप और राऊटर के माध्यम से रिमोट एक्सेस लेकर एसएससी की एमटीएस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को नकल करवा रहे थे।

पुलिस कार्रवाई में उनके पास से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे जांच जारी है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने की एवज में 10-10 लाख रुपये की मांग करता था।

पुलिस ने परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है और आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम 2023 व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जा रही है।











Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *