UTTARAKHAND WEATHER ALERT : उत्तराखंड में बारिस ने चारों तरफ तबाही मचाई हुई है। बारिश का सिलसिला आज भी जारी है जिसकी वजह से नदी नाले उफान पर हैं और हालात काफी खराब होने से जनजीवन अस्तव्यस्त हैं। कोटद्वार भावर में ऐसे ही एक उफनाए गदेरे में सुबह एक कार बह गई। कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों ने कार चालक को बताया कि आगे गदेरा काफी उफान पर है इसलिए वो आगे न जाए पर चालक रुकने के बजाय जबरन नदी पार करने लगा। इसी बीच कार गदेरे में काफी दूर तक बह गई और क्षतिग्रस्त हो गई।
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रिय राजमार्ग पर भी सुबह बगड़धार, प्लास्डा भद्रकाली और ओणी के पास भूस्खलन हो गया जिसके कारण मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। मलबा साफ करने के लिए जेसीबी लगाई गई है, लेकिन मार्ग को खोलने में समय लग रहा है।
उधर मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए चमोली पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडिया जारी किया है। वीडियो के माध्यम से पुलिस ने लोगों से बरसात के दिनों में झरने के नीचे न नहाने की अपील की है। वीडियो में दिख रहा है कि झरने में नहा रहे लोगों पर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर गया। मलबा गिरते ही वहां पर चीख-पुकार मच गई।
वहीं नंदप्रयाग के पास पुरसाड़ी में भी सड़क धंस रही है जिसको देखते हुए चमोली पुलिस ने एहतियातन यातायात को नंदप्रयाग से वाया सहकोट चमोली के लिए डायवर्ड किया है।
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार से अगले तीन दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 23 और 24 अगस्त को टिहरी, देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन तीन दिनों में प्रदेश भर के सभी इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है।