दुःखद खबर  : स्कूल से लौट रहे भाई बहन पर ततैयों का हमला चार साल के मासूम की हुई मौत





उत्तरकाशी :
शनिवार को मांडिया गांव में ततैयों के हमले में एक मासूम की जान चली गई जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों भाई बहन स्कूल से लौटकर घर जा रहे थे।  इससे एक दिन पहले ही टिहरी के जौनपुर ब्लॉक के रियाट गांव में एक 67 वर्षीय व्यक्ति की ततैयों के हमले से मौत हो गई थी। 

मांडिया गांव निवासी राजकुमार की बेटी रिया 12 वर्ष प्राथमिक विद्यालय मांडिया में पढ़ती है। शनिवार को वे अपने बेटे रिहान 4 वर्ष को बेटी के पास स्कूल में छोड़कर गए थे। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास ही एक पेड़ पर ततैयों का छत्ता था। इसे किसी व्यक्ति ने छेड़ दिया था जिससे आक्रोशित ततैयों के झुंड ने स्कूल से लौट रहे भाई बहन पर हमला कर दिया। ततैयों के हमले से पीडित भाई-बहन की  चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने रिहान को मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रजन लाल ने बताया कि रिया के पिता उसके भाई को उसके पास छोड़कर गए थे। स्कूल की छुट्टी के बाद जाते समय यह घटना हुई। घटना से परिवार सहित गांव में शोक की लहर है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *