उत्तराखंड : चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी गई यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश


देहरादून : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा, जिसमें यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा शामिल है, को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन को तीर्थयात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया है।

उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका है। इस खतरे को देखते हुए, प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा को रोकने का फैसला किया है। जैसे ही मौसम ठीक होगा यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दे दी जाएगी।

बता दें कि भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं और जगह-जगह भूस्खलन होने से चारधाम राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हुआ है। खराब मौसम और बारिश के चलते मार्ग को दुरुस्त करने में काफी समय लग रहा है। केदारनाथ मार्ग कई स्थानों पर टूट गया है तो यमनोत्री मार्ग मलबा आने से दो दिन से बाधित चल रहा है, वहीं केदारनाथ मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। उत्तरकाशी में मलबा आने से 6 मजदूरों के दबे होने की खबर है। आपदा प्रबंधन लगातार उनकी खोज में लगा है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, भूस्खलन और आसमानी बिजली गिरने के आसार हैं जिसके चलते उसने लोगों से संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है। वहीं आपदा राहत दल और एनडीएफआर को अलर्ट रहने को कहा गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *