Bageshwar By poll: बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा ने एक फिर जीत हासिल कर विपक्षी पार्टियों को तगड़ा झटका दिया है। कैबिनेट मंत्री स्व.चंदन राम दास की पत्नी भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को 2810 मतों के अंतर से हरा दिया है। भाजपा की पार्वती दास को 32192 जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार को 29382 वोट मिले। तीसरे नंबर पर मतदाताओं ने नोटा को रखा। समाजवादी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के उम्मीदवार हजार के अंक तक भी नही पहुंच सके।
आज सुबह 8 बजे मतों की गिनती शुरू होने से अंत तक भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर देखने को मिली। शुरूआती रुझानों में जहां कांग्रेस ने बढ़त बनाई वहीं 4 थे चरण के बाद जो रुझान आए उसमें भाजपा उम्मीदवार लगातार बढ़त बनती चली गई और बारहवें चरण के बाद तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने ख़ुशी मनानी शुरू कर दी और अंतिम चरण की गिनती के बाद पार्वती दास को विजयी घोषित कर दिया गया।
हालांकि चुनाव से पहले दोनों दल अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे थे। भाजपा ने इस जीत को मुख्यमंत्री द्वारा उठाये जनहित के कार्यों की जीत बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर की जनता का किया धन्यवाद
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बागेश्वर की देवतुल्य जनता को भारतीय जनता पार्टी पर पुनः विश्वास जताने पर हृदयतल से आभार। यह विजय मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों के भाजपा सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। बागेश्वर विधानसभा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक श्रीमती पार्वती दास जी को उनके उज्ज्वल कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं।
