पंत नगर : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू अपने तीन दिन के उत्तराखंड दौरे के लिए आज पंतनगर पहुंची । महामहिम राज्यपाल गुरमीत सिंह ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया, इस दौरान  केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और कृषि मंत्री गणेश जोशी  कार्यक्रम में मौजूद थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह का उद्घाटन करने के साथ ही 1041 छात्रों को उपाधि प्रदान की। 

छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में लड़कियों की संख्या अधिक थी। यह ट्रेंड मैं अन्य संस्थानों में भी देखती आ रही हूं। यह सुखद बदलाव विकास पथ पर बढते हुए भारत का दर्शन है। उन्होंने बेटियों को उनकी उपलब्धि के लिए विशेष बधाई दी।




कहा कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट ब्रांड के रूप में जाना जाता है। नोबेल पुरस्कार विजेता डॉक्टर नार्मन बोरलॉग ने पन्तनगर विश्वविद्यालय को 
हरित क्रांति का अग्रदूत’ नाम दिया था । नॉर्मन बोरलॉग द्वारा विकसित मैक्सिकन गेहूं की किस्मों का यहाँ परीक्षण किया गया था। ग्रीन रिवोल्यूशन की सफलता में प्रयोगशाला के रूप में इस विश्वविद्यालय ने प्रभावी भूमिका निभाई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी का उपयोग आवश्यक है। उन्होंने फसल प्रबंधन, नैनो-प्रौद्योगिकी, जैविक खेती आदि के माध्यम से कृषि में डिजिटल समाधान शुरू करने के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कृत्रिम आसूचना के उपयोग के लिए भी कदम उठा रहा है। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि इस विश्वविद्यालय ने अपना स्वयं का कृषि ड्रोन विकसित किया है जो कुछ ही मिनटों में कई हेक्टेयर भूमि पर छिड़काव कर सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ड्रोन प्रौद्योगिकी का लाभ शीघ्र ही किसानों को प्राप्‍त होगा।

राष्ट्रपति मुर्मू पंतनगर के बाद शाम को देहरादून पहुंची। कल बुधवार को वो सुबह भगवान बदरी विशाल के दर्शनों के बाद जोशीमठ में छात्रों से संवाद करेंगी तत्पश्चात दोपहर को श्रीनगर में गढ़वाल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का उद्घाटन करेंगी।






Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *