टिहरी में सड़क हादसा

TEHRI ROAD ACCIDENT  :  टिहरी से बहुत ही दुखद खबर आ रही है। यहां गजा से चंबा आ रही टाटा सूमो दुवाकोटी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। टाटा सूमो में चालक समेत 17 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को टाटा सूमो संख्या यूके 07 टीए-0530 गजा से चंबा के लिए निकली थी। सुबह साढ़े नौ बजे के करीब गजा-डांडाचली मोटर मार्ग पर दुवाकोटी के समीप सूमो अचानक से अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग, पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को 108 सेवा और निजी वाहनों से गजा अस्पताल पहुंचाया। 




दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। सुमो में क्षमता से अधिक  सवारियां बैठाई गई थी। इसमें चालक समेत 17 लोग बैठे थे। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया है। 

गजा के तहसीलदार विनोद प्रसाद तिवारी ने बताया कि इस दुर्घटना में धर्मवीर असवाल (46) पुत्र कर्म सिंह निवासी ग्राम कठूड, रीतिका (20) निवासी ग्राम अमसारीगांव पुत्री दीपा सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि घायल जगवीर सिंह (42) पुत्र रतन सिंह निवासी थंयूल ने नरेंद्रनगर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान गौतम  (20) पुत्र सुभाष चंद्र खंडूरी निवासी ग्राम गजोली भटवाड़ी उत्तरकाशी की भी मौत हो गई है।

वहीं वंश (9), सृष्टी (11) पुत्र-पुत्री अनिल सजवाण, प्रकाशी देवी (35) पत्नी अनिल सजवाण निवासी ग्राम खांड, पूजा देवी (21) पत्नी विकास पांडेय, विकास पांडेय (28) पुत्र सत्या प्रसाद, अदिति (2) पुत्री विकास पांडेय निवासी ग्राम मठियाली जाखणीधार, साक्षी (19) पुत्री खुशीराम ग्राम पाली गजा, विमला देवी (28) बबलू , ऋषिका (2) पुत्री बबलू निवासी ग्राम मंजगांव सकलाना, दीपा देवी (65) पत्नी कुंदन लाल निवासी पलोगी गजा, कलावती देवी (60) पत्नी सुभाष चंद्र खंडूरी, राजेश पंवार (40) पुत्र बैसाख सिंह निवासी ग्राम नवागर टिहरी, वाहन चालक विरेंद्र सिंह पुंडीर (52) पुत्र शंकर सिंह निवासी फलसारी गजा घायल हुए हैं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *