पौड़ी : गुरुवार को पौड़ी जिलाधिकारी डॉ.स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के डुंगरी गांव का दौरा कर क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण के साथ ही एक आम ग्रामीण की तरह धान की कटाई और मंडाई कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। वैसे भी जिलाधिकारी अपनी सादगी के लिए पहचानी जाती है। इस दौरान राजस्व विभाग ने कृषक विक्रम सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से प्रयोग किया, जिसमें 7 किलो धान की उपज प्राप्त हुई।
निरिक्षण के दौरान जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया को सादगी भरे अंदाज में अपने बीच पाकर स्थानीय महिलाएं भी खुश नजर आई। ग्रामीणों ने डीएम को अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। उन्होंने गांव के पास खेतों में घेरबाड़ किए जाने की मांग की।
पौड़ी जिलाधिकारी ने इस दौरान खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच की तथा किसानों से बोए गए बीज और फसल की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इन्हीं आंकड़ों पर क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि निर्धारित होती है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलता है।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों का आश्वासन दिया कि कृषि विभाग को खेतों में घेरबाड़ के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उनके द्वारा ग्रामीणों को फसल बीमा की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार दीवान सिंह राणा, एलआरओ सीएम पांडे, राजस्व उप निरीक्षक ज्योति सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।