उत्तराखंड मौसम जनवरी 2024





UTTARAKHAND WEATHER :
उत्तराखंड के चारधाम समेत चमोली जनपद में रातभर से बारिश और बर्फबारी होने से ऊंचाई वाली चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नागनाथ पोखरी, बेदनी बुग्याल, रूपकुंड सहित ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही हैं। ये देखकर पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख करने लगे हैं जिससे पहाड़ों की रौनक लौट आई है। 

हालांकि बारिश और बर्फ़बारी से शीत लहर चलने से जनपद चमोली के कर्णप्रयाग, आदिबद्री, देवाल, थराली, नारायणबगड़, नोटी, चमोला, नंदासैन, चौरासैन और बेनिताल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कृषि विशेषज्ञों द्वारा इस बारिश और बर्फबारी को फसलों के लिए संजीवनी बताया जा रहा है। जिले के  रुद्रनाथ, लाल माटी, नंंदा घुंघटी, औली, गोरसों, नीती-माणा सहित पाणा, ईराणी, रामणी, झींझी गांव में भी बर्फबारी हुई है। यहां के खेतों, जंगलों और आम रास्तों में बर्फ की चादर बिछ गई है। बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।




इसके अलावा यमुनोत्री धाम सहित आसपास की चोटियों के साथ ही धाम से लगे गीठ पट्टी के 12 गांवों और ठकराल पट्टी के 13 गांवों में भी जमकर बर्फबारी हुई है । बारिश और बर्फबारी के बीच यमुना घाटी की विधुत सप्लाई भी बाधित रही। 

मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी के पहले सप्ताह में भी बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। उनका कहना है कि बारिश और बर्फबारी से तापमान पर कुछ ज्यादा असर नहीं पड़ेगा और मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को सूखी ठंड से राहत मिलेगी।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *