उत्तरकाशी : धराली आपदा से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की दो महत्वपूर्ण घोषणा मकान बनाने के लिए तत्काल मिलेगी 5 लाख की सहायता राशि


Dharali Disaster : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली, हर्षिल एवं पौड़ी में आपदा से प्रभावित पूर्ण क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए मकानों के पुनर्वास/विस्थापन के लिए पांच लाख की तत्काल सहायता राशि और मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। 

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल के साथ ही पौड़ी के सैंजी और बांकुड़ा गांव में जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें ₹5 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी। इन क्षेत्र में भीषण आपदा से प्रभावित लोगों का पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है। आपदा प्रभावितों की मदद के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

सीएम धामी ने कहा आपदा प्रभावित क्षेत्र में फंसे हुए लगभग सभी लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है एवं आपदा प्रभावितों को राशन, कपड़ा, दवाइयां व अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। 

समग्र पुनरुद्धार और आजीविका सुदृढ़ीकरण के लिए समिति का गठन

मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित ग्राम वासियों के पुनर्वास, समग्र पुनरुद्धार, एवं स्थायी आजीविका के सुदृढ़ीकरण के लिए एक तीन सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की है। यह समिति सचिव, राजस्व की अध्यक्षता में गठित की गई है, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी प्राथमिक रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करेगी। समिति धराली गांव के भविष्य के लिए दीर्घकालिक एवं प्रभावी नीति का खाका तैयार करेगी, जिससे स्थानीय समुदाय की सुरक्षा और आजीविका सुनिश्चित की जा सके।

भीषण प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित क्षेत्र में ठप हुई बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है। लगातार भारी वर्षा, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से बिजली के पोल, तार, ट्रांसफार्मर और उपसंस्थानों को गंभीर क्षति पहुँची थी। सौर ऊर्जा तथा माइक्रो हाइड्रो ग्रिड से निरंतर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *