चमोली खबर : सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति के शिष्टमंडल ने अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


कर्णप्रयाग : सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिलाधिकारी संदीप तिवारी से भेंट कर उन्हें सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए जाने व उसमें जनरेटर, पैथोलॉजी लैब, ऑपरेशन थियेटर, इमरजेंसी एम्बुलेंस आदि जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती किए जाने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

शिष्टमंडल द्वारा बताया गया कि दूरदराज की महिलाओं को बेहतर सुविधाऐं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्थापित सिमली महिला बेस अस्पताल का उन्हें लाभ नही मिल पा रहा है। जबकि यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। महिलाओं को अस्पताल तक सीधे सड़क मार्ग, स्ट्रेचर व व्हीलचेयर से वार्डों तक ले जाने की सुविधा उपलब्ध है। प्रसूति एवं आपातकालीन सेवाओं को देखते हुए यहां पर निर्मित भवन की संरचना की गई है। 

बेस अस्पताल संघर्ष समिति से मुलाकात के बाद जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गंभीर रुख अपनाते हुए सीएमओ अभिषेक गुप्ता को अपने कार्यालय में तलब किया और बेस अस्पताल के संबंध में वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए सीएमओ को तत्काल इस चिकित्सालय में दो-तीन महिला चिकित्सकों की तैनाती किये जाने, अस्पताल के मुख्य गेट पर बेस चिकित्सालय का बड़ा साइन बोर्ड लगाने, चिकित्सालय परिसर में उगी झाड़ियों को काटने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को मुहैया करवाने के साथ उन्हें स्वयं सप्ताह में दो बार इस चिकित्सालय का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।   

शिष्टमंडल में सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, चंद्रकला देवी, मंजू देवी, सरोजिनी देवी, कविता देवी, लक्ष्मी देवी, सोनम देवी, विनिता देवी, उर्मिला देवी, चांदनी देवी, रीना देवी, राजेश्वरी देवी सहित लगभग 60 से अधिक महिलाऐं शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *