जोशीमठ भू धंसाव

नई दिल्ली : जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति भू धंसाव से प्रभावित लोगों की तकलीफों के साथ खड़े होकर उनके पुनर्वास के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। जोशीमठ प्रभावितों की आवाज को केंद्र  सरकार तक पहुंचाने के लिए समिति संसद की चौखट जंतर मंतर पर शनिवार 4 फरवरी को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने जा रही है। 

समिति ने बताया कि जोशीमठ में पिछले महीने से लगातार हो रहे भू-धंसाव से वहां के लोगों के साथ नये तरह के संकट खड़े हो गये हैं। एक बड़ी आबादी के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव ने एक बार फिर हिमालयी विकास नीति पर सवाल खड़े किये हैं। प्राकृतिक आपदाओं से पहाड़ का पुराना नाता रहा है, लेकिन भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील पहाड़ में विकास के नाम पर जिस तरह की परियोजनायें बनाई जा रही हैं, उन्हें लेकर लोगों में भारी असंतोष है। उत्तराखंड के लोग हमेशा कहते रहे हैं कि यहां बड़ी परियोजनायें नहीं बनाई जानी चाहिये। भू-वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों ने भी समय-समय पर इसके लिये नीति-नियंताओं को चेताया। समय-समय पर इन बड़ी परियोजनाओं से भारी जन-धन का नुकसान भी हो चुका है। चमोली जनपद के जोशीमठ तहसील में इस तरह की कई परियोजनायें चल रही हैं। इन परियोजनाओं से निकलने वाली सुरंगों और भारी निर्माण से कई गांव भूस्खलन की चपेट में हैं। जोशीमठ में आई बड़ी दरारों ने एक बार फिर हिमालय की हिफाजत के सवाल खड़े किये हैं।

 जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति’ जोशीमठ में हो रहे भू-धसांव से प्रभावित लोगों के सही पुनर्वास और उनकी तकलीफों के समाधान के लिये लगातार आंदोलन कर रही है। उनके मुताबिक राजधानी दिल्ली में उत्तराखंड के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं और उत्तराखंड के हर सवाल पर संगठन खड़े भी होते हैं। जोशीमठ की समस्या हिमालय के खतरे के संकेत हैं, ऐसे समय में हम सभी जोशीमठ के लोगों के साथ हैं और उनका मनोबल बढ़ाने व एकजुटता के लिये समिति दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने जा रही है।

कार्यक्रम

दिन  : 4 फरवरी, 2023, शनिवार

स्थान : धरना स्थल, जंतर-मंतर, नई दिल्ली

समय : प्रातः 11.00 बजे से

निवेदक : वॉइस ऑफ माउंटेनश , क्रिएटिव उत्तराखंड-म्यर पहाड़, उत्तराखंड युवा प्रवासी समिति, उत्तराखंड जनमोर्चा, गढ जन शक्ति संगठन, उत्तराखंड बचाओ आंदोलन, खुदेड डांडी-कांठी साहित्य एवं कला मंच, उत्तराखंड लोकमंच, भू कानुन संघर्ष समिति दिल्‍ली एन सी आर, माता पार्वती ट्रस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *