गणतंत्र दिवस परेड 2024


REPUBLIC DAY 2024 : देश आज 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में बहुल कुछ नया देखने को मिला। परेड की शुरुआत जहां शंखनाद से हुई वहीं मातृ शक्ति का जलवा देखने को मिला। अस्सी प्रतिशत महिलाएं परेड का हिस्सा बनी जो महिला सशक्तिकरण की झलक दिखा रही थी। इस समारोह में  फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों चीफ गेस्ट थे जो भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले फ्रांस के छठे प्रेसिडेंट हैं। आज सुबह धुंध के साथ ठंड भी काफी थी लेकिन कर्तव्यपथ पर लोगों की ऊर्जा वातावरण में गर्माहट पैदा कर रही थी। 




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले वॉर मेमोरियल गए और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद पीएम मोदी कर्तव्य पथ पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों का स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्‍य पथ पर आयोजित समारोह में समग्र राष्ट्र का नेतृत्व किया । इस बार देश के विभिन्न राज्यों से आई महिलाओं के दल ने, अपने अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ साथ शंखनाद करते हुए परेड की शुरुआत की। यही नहीं परेड में मार्च कर रहे सेना के अधिकतर दस्तों का नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही थी। इसके अलावा भारत में निर्मित अस्त्र शस्त्र भारत का गौरव बढ़ा रहे थे। इस बदलते युग को देखकर देश गदगद व नतमस्तक था।

उत्तराखंड प्रवासियों के महिला दल ने पारम्परिक वेशभूषा में  किया प्रतिभाग




75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्त्तव्य पथ में उत्तराखण्ड प्रवासियों के पांच सदस्यीय महिला दल ने उत्तराखण्ड के गढ़वाल, कुमाऊं व जौनसार की पारम्परिक वेशभूषा में प्रतिभाग करते हुए लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया।

महिला दल ने बताया कि आज हम सभी महिलाएं भारत सरकार के ‘अनंत सूत्र’ कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य की पारम्परिक वेशभूषा व लोक संस्कृति में प्रतिनिधित्व करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं

इस अवसर पर पांच सदस्यीय महिला दल में जया राणा, यशोदा घिल्डियाल, संतोष बड़ोनी, सुरेशी दानू और संयोगिता ध्यानी उपस्थित रहीं और समस्त महिलाओं ने परेड में आमंत्रित करने के लिए उत्तराखंड के स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा व उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया।


      


                                                                                      




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *