Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

TEHRI: उत्तराखंड से सावन के महीने में रोज ही कोई न कोई दुर्घटना मन को दहला दे रही है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से भूस्खलन, बादल फटने की खबरें लगातार आ रही है।

आज शनिवार की सुबह टिहरी के भिलंगना ब्लॉक के बासर पट्टी के ग्राम पंचायत कर्ण गांव के छातियारा तोक में एक बालिका के गदेरे में बहने से कोहराम मच गया।

जानकारी मिली है कि 15 वर्षीय कशिश पुत्री मनोज लाल जो कि कक्षा 10 वीं की छात्र है शनिवार सुबह तैयार होकर शहीद विनोदपाल सिंह इंटर कॉलेज के लिए निकली थी, पर गांव के पास छुवानी तोक में उफनते हुए गदेरे को पार करते समय तेज बहाव में बह गई। पास से गुजर रहे ग्रामीण भरत लाल ने जब छात्रा को बहते हुए देखा तो वह चिल्लाते हुए छात्रा को बचाने के लिए दौड़ पड़े। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन भी समय पर मदद के लिए पहुंचे। उन सब ने अथक मेहनत से उफनते हुए गदेरे से बच्ची को बाहर निकाला और छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेस्वर लाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

ग्राम प्रधान उदय सिंह नेगी ने बताया कि छातीयारा खवाड़ा मोटरमार्ग पर छुवानी तोक के पास का गदेरा हर वर्ष भारी बरसात की वजह से काफी उफान पर रहता है। इसको देखते हुए लोनिवि विभाग को कई बार पुलिया निर्माण को लेकर अवगत कराया गया लेकिन विभाग ने अनसुना कर दिया। तब  मनरेगा से उक्त जगह पर पुलिया निर्माण को लेकर स्टीमेट तैयार किया गया, लेकिन मानक के अंदर न आने से पुलिया स्वीकृत नहीं हो पाई।