उत्तराखंड : देहरादून के पलटन बाजार में लगी भीषण आग दो दुकानें जलकर हुई राख
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : राजधानी के सबसे पुराने पलटन बाजार में बुधवार सुबह एक साड़ी और लहंगा शोरूम में अचानक से भयानक आग लग गई। जिससे वहां हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि धुएं का गुबार काफी दूर तक देखा गया। आग से शोरूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत ये रही कि आग लगने से कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार देहरादून के सबसे पुराने व्यावसायिक पलटन बाजार के गांधी संस शोरूम की तीसरी मंजिल में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई और उसकी लपटें तेजी से फैलने लगी। दुकान में बड़ी मात्रा में कपडे होने से आग विकराल रूप लेकर पूरे शोरूम में फ़ैल गई और साथ वाली दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया । शोरूम में मौजूद लोग तुरंत आग बुझाने में लग गए और इसी दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी घटना की सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया लेकिन जब देखा कि आग भयानक है तो फिर पांच और गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और शोरूम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया था।
पुलिस आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट मान रही है। जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शोरूम की छत पर वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आग की एक चिंगारी नीचे रखे सामान तक पहुंच गई और आग भड़क उठी। फिलहाल संबंधित विभाग घटना की विस्तृत जांच कर रहा है और सभी पहलुओं हर ऐंगल से पड़ताल की जा रही है। आग लगने से कितना नुकसान हुआ उसका भी शोरूम मालिक से पता लगाया जा रहा है।

